“सीतापुर के मछरेहटा में आयोजित सवर्ण एकता अभियान में आरक्षण व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया गया। वक्ताओं ने हिंदू एकता और सामाजिक समरसता का आह्वान किया।”
मछरेहटा (सीतापुर): सीतापुर जनपद के मछरेहटा क्षेत्र में सवर्ण आर्मी के तत्वावधान में आयोजित सवर्ण एकता अभियान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में वक्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था, सवर्ण समाज की स्थिति और हिंदू एकता को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सवर्ण आर्मी के प्रमुख सर्वेश पांडे ने देश में लागू आरक्षण व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था अब अपने मूल उद्देश्य से भटक चुकी है और यह देश की सामाजिक समरसता के लिए चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सांसद और विधायक जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे लोग भी आरक्षण के दायरे में आते हैं, तो फिर अगड़ी जाति का आधार क्या रह जाता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद अभिनव सिंह, प्रदेश महामंत्री, करणी सेना ने हुंकार भरते हुए कहा कि जब तक इस धरती पर क्षत्रिय समाज मौजूद है, तब तक ब्राह्मण समाज को कोई भयभीत नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि यदि ब्राह्मणों पर अत्याचार किया गया, तो क्षत्रिय समाज इसका पुरजोर जवाब देगा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय सह संयोजक महेंद्र पांडे ने हिंदू एकता पर बल देते हुए कहा कि हिंदू समाज को आपसी भेदभाव छोड़कर संगठित होना होगा। उन्होंने बांग्लादेश की वर्तमान परिस्थितियों का उदाहरण देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही समाज को सुरक्षित रख सकती है।
वहीं जिले के जाने-माने हिंदू शेर सेना नेता विकास हिंदू ने कहा कि समाज में अब छुआछूत जैसी स्थितियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज ब्राह्मण और दलित समाज के लोग एक साथ बैठकर भोजन कर रहे हैं और आपसी भाईचारे के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने संदेश दिया कि संकट की घड़ी में वे सभी हिंदुओं के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में शिवम तिवारी, जनार्दन त्रिपाठी, धीरेंद्र द्विवेदी, यशार्थ मिश्रा, सुशील शुक्ला, संतोष शुक्ला, प्रभाकर पांडे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।









