
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के बीच अयोध्या धाम और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू की जा रही है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंधों का जिक्र किया।
‘भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध हजारों वर्षों पुराना है। दोनों देश आस्था, संस्कृति, साझा नदियों और पारिवारिक रिश्तों से जुड़े हुए हैं। आम भाषा में इसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या और मिथिला के बीच भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से जुड़ा ऐतिहासिक संबंध आज भी परंपराओं में जीवित है। अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन कहकर सम्मान देते हैं।
श्रद्धालुओं के लिए आसान होगी धार्मिक यात्रा
सीएम योगी ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस दोनों देशों के धार्मिक स्थलों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। इस ट्रेन सेवा से नेपाल के श्रद्धालु आसानी से अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने इस रेल सेवा को विरासत और विकास के संगम का उदाहरण बताते हुए दोनों देशों के नागरिकों को बधाई दी।
पशुपतिनाथ और काशी विश्वनाथ का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों पर चर्चा करते हुए पशुपतिनाथ और काशी विश्वनाथ धाम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के श्रद्धालु पीढ़ियों से एक-दूसरे के धार्मिक स्थलों पर आते-जाते रहे हैं।
उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर नेपाल से भेजी जाने वाली खिचड़ी और देवीपाटन शक्तिपीठ पहुंचने वाली नेपाली श्रद्धालुओं की यात्रा का भी जिक्र किया।
भगवान बुद्ध की विरासत को भी किया याद
सीएम योगी ने भगवान बुद्ध के जन्मस्थान लुंबिनी और उत्तर प्रदेश से जुड़े उनके जीवन के महत्वपूर्ण स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कपिलवस्तु, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर को भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच खुली सीमा आपसी विश्वास और सहयोग का उदाहरण है। रोजाना हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए एक-दूसरे के देश में आते-जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत हर सुख-दुख में नेपाल के साथ खड़ा रहा है। दोनों देशों के बीच सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत करना प्राथमिकता है।









