
मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने साल 2018 के मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इस मामले में पहले भी अदालत की ओर से जमानती वारंट जारी किया जा चुका था। अब कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख तय की है।
क्या है 2018 का मानहानि मामला?
यह पूरा मामला ध्रुव राठी के एक पुराने वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन का आरोप है कि ध्रुव राठी ने ‘BJP IT Cell Part II’ नाम से वीडियो जारी कर उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए थे।
मई 2018 में जारी इस वीडियो में कथित तौर पर दावा किया गया था कि बीजेपी के आईटी सेल ने ध्रुव राठी को बदनाम करने के लिए एक व्यक्ति को रिश्वत देने की कोशिश की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया था। बाद में तत्कालीन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इसे रीट्वीट किया था।
पहले जारी हुआ था जमानती वारंट
जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर में भी अदालत ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया था कि नोटिस तामील कराने के लिए जब संबंधित पते पर पहुंचा गया तो वहां ताला लगा हुआ मिला।
इसके बाद अब अदालत ने मामले में गैर-जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।
जर्मनी में रहते हैं ध्रुव राठी
ध्रुव राठी फिलहाल जर्मनी में रहते हैं। उनके खिलाफ दर्ज मानहानि की शिकायत पर लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया चल रही है। शिकायतकर्ता ने वीडियो में लगाए गए कथित आरोपों को लेकर अदालत का रुख किया था।
गौरतलब है कि हाल ही में 8 अक्टूबर को भारत आने के बाद ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की खबर भी सामने आई थी। वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे।
फिलहाल इस मानहानि मामले में अदालत की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।









