
मशहूर सिंगर सोनू निगम के लिए हवाई सफर उस वक्त यादगार बन गया, जब विमान में मौजूद यात्रियों ने अचानक उनके लोकप्रिय गाने गुनगुनाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते फ्लाइट का माहौल किसी म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा हो गया। यात्रियों का यह प्यार देखकर सोनू निगम भी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने अपनी आवाज से इस पल को और खास बना दिया।
यात्रियों ने शुरू किया गाना, सोनू हुए खुश
फ्लाइट में यात्रियों ने सोनू निगम के मशहूर गाने ‘कल हो ना हो’ और ‘मैं अगर कहूं’ गाने शुरू किए। अपने गानों को इस तरह यात्रियों की जुबानी सुनकर सोनू काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने इस खूबसूरत पल को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया। वहीं, विमान में बैठे दूसरे यात्री भी अपने फोन से इस खास नजारे को कैमरे में कैद करते दिखाई दिए।
सोनू निगम ने भी दी शानदार प्रस्तुति
यात्रियों के इस प्यार का जवाब देते हुए सोनू निगम ने भी फ्लाइट में छोटी-सी लाइव परफॉर्मेंस दी। उन्होंने ‘किसका है तुमको इंतजार, मैं हूं ना’, ‘तुझे लगे ना नजरिया’ और ‘कल हो ना हो’ जैसे लोकप्रिय गाने सुनाए। उनकी आवाज सुनकर विमान में मौजूद प्रशंसकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
यात्रियों के इंतजार ने छू लिया दिल
फ्लाइट के लैंड होने के बाद सोनू निगम ने इस मुलाकात का एक और वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि सीट बेल्ट का साइन बंद होने के बाद भी यात्री अपनी सीटों पर बैठे रहे और उनका इंतजार करते रहे, क्योंकि वे उन्हें गाते हुए सुनना चाहते थे।
इस प्यार से अभिभूत सोनू ने सभी यात्रियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें ऐसा प्यार मिला, जिसकी कल्पना उन्होंने सपनों में ही की थी।
चार दशक से संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं सोनू
सोनू निगम करीब चार दशकों से संगीत जगत में सक्रिय हैं। हिंदी के अलावा उन्होंने कई अन्य भाषाओं में भी गाने गाए हैं और अपनी आवाज से करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई है। उनके इस फ्लाइट वाले वीडियो को भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।






