
मुंबई के एक सार्वजनिक पार्क में युवक और युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ लड़कों ने दोनों पर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और अब तक आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि हमले में शामिल ज्यादातर लड़के नाबालिग हैं।
तस्वीरें खींच रहे कपल से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 20 नवंबर को कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास बने एक बगीचे में हुई। बताया जा रहा है कि युवक और युवती पार्क में तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ किशोरों ने कथित तौर पर दोनों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। कपल ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और कई लड़कों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से पीटा, सीढ़ियों तक किया पीछा
बताया जा रहा है कि इस हमले में करीब 8 से 10 लड़के शामिल थे। वायरल वीडियो में लड़कों का एक समूह कपल के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। युवक को डंडों से पीटने के साथ लात और घूंसों से भी हमला किया गया। हमलावरों ने दोनों का पीछा करते हुए सीढ़ियों पर भी मारपीट की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया।
पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
मेयर ने पार्कों की सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग
इस घटना पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पार्क में युवक और युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला बेहद गंभीर है। इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से मुंबई के सभी पार्कों और गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की है।
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू
वहीं, भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इस घटना को धार्मिक पहचान से जोड़ते हुए आरोपियों को मुस्लिम कट्टरपंथी बताया। उन्होंने दावा किया कि पीड़ित हिंदू युवक-युवती थे। साथ ही उन्होंने एफआईआर दर्ज होने और पांच आरोपियों के माता-पिता को नोटिस भेजे जाने की बात कही। शिवसेना (यूबीटी) नेता इंतेखाब फारूकी ने भी घटना की निंदा की है।
अबू आसिम आजमी ने धर्म के नाम पर राजनीति का लगाया आरोप
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने इस मामले को धार्मिक रंग देने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मारपीट की है, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए और कानून का डर सभी को होना जरूरी है। हालांकि, उन्होंने इस घटना को धर्म से जोड़कर राजनीति करने को गलत बताया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ नाबालिगों की हिंसक गतिविधियों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









