बांग्लादेश की टीम के लिए आई राहत भरी खबर, फिट हुए नाहिद राणा; साउथ अफ्रीका के खिलाफ कर सकते हैं वापसी

बांग्लादेश क्रिकेट टीम को आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ी राहत मिली है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा चोट से उबर चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया में इलाज और रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद मेडिकल विशेषज्ञों ने उन्हें फिट घोषित कर दिया है। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में उनके खेलने का रास्ता साफ हो गया है।

ऑस्ट्रेलिया में पूरा किया रिहैबिलिटेशन

नाहिद राणा को कंधे में चोट लगने के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा था। इसके बाद वह बेहतर इलाज के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका रिहैबिलिटेशन हुआ।

अब वह बांग्लादेश लौट चुके हैं और मैदान पर गेंदबाजी का अभ्यास भी कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 19 नवंबर को उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों और मेडिकल टीम को अपनी फिटनेस की जानकारी दी। ऑस्ट्रेलियाई डॉक्टरों की रिपोर्ट में उन्हें वनडे क्रिकेट खेलने के लिए फिट बताया गया है।

चोटों के कारण कई सीरीज से रहना पड़ा था बाहर

नाहिद राणा के लिए बीते कुछ महीने काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान उन्हें ग्रेड-2 साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। इसके चलते वह ऑस्ट्रेलिया दौरे, एशियन गेम्स और अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाए थे।

इसी बीच रिहैबिलिटेशन के दौरान उन्हें ग्लूट में भी चोट लग गई। इसकी वजह से UAE में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के खिलाफ प्रस्तावित ट्राई सीरीज से भी उन्हें बाहर रहना पड़ा। बाद में कंधे की परेशानी के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी वह टीम का हिस्सा नहीं बन सके।

जल्दबाजी में वापसी नहीं कराना चाहता था बोर्ड

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि नाहिद राणा को पूरी तरह फिट होने से पहले मैदान पर नहीं उतारा जाएगा। बोर्ड उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था।

बांग्लादेश को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में नाहिद राणा की वापसी टीम के तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती दे सकती है। अब देखना होगा कि चयनकर्ता उन्हें आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में कब शामिल करते हैं।

Back to top button