
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी काम करने की शर्त को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि रोजाना सिर्फ आठ घंटे काम करने के नियम की वजह से कई बड़े प्रोड्यूसर उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट करने से कतराते हैं। हालांकि, अक्षय अपनी इस कार्यशैली को सही मानते हैं। उनका कहना है कि काम के साथ-साथ सेहत, नींद और परिवार को समय देना भी जरूरी है।
आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर क्या बोले अक्षय?
एक चर्चित चैट शो के नौवें सीजन में अभिनेता रवि किशन के साथ पहुंचे अक्षय कुमार ने अपने काम करने के तरीके पर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान होस्ट ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वह नए निर्देशकों को मौका देने के साथ फिल्म की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखते हैं।
इस पर अक्षय ने कहा कि इंडस्ट्री के कई बड़े निर्माता उन्हें इसलिए फिल्मों में लेना पसंद नहीं करते, क्योंकि वह केवल आठ घंटे काम करते हैं। अभिनेता ने स्पष्ट किया कि शूटिंग के इन आठ घंटों में वह वैनिटी वैन में बैठकर समय बर्बाद नहीं करते, बल्कि लगातार काम करते हैं।
अक्षय के मुताबिक, दर्शक पर्दे पर कलाकार को तरोताजा देखना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने अपनी जिंदगी में काम, नींद, फिटनेस और परिवार के लिए समय निर्धारित किया है। वह आठ घंटे काम करते हैं, आठ घंटे सोते हैं और करीब दो घंटे एक्सरसाइज को देते हैं। बाकी समय परिवार के साथ बिताना पसंद करते हैं।
55 दिनों में पूरी कर लेते हैं फिल्म की शूटिंग
इस दौरान रवि किशन ने भी अक्षय की काम करने की रफ्तार की तारीफ की। उन्होंने बताया कि अक्षय कम समय में फिल्म की शूटिंग पूरी कर लेते हैं, जिससे निर्माताओं का खर्च कम होता है। आमतौर पर वह करीब 55 दिनों में एक फिल्म की शूटिंग खत्म कर लेते हैं।
अक्षय ने अपनी कार्यशैली के समर्थन में हॉलीवुड फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन और अभिनेता टॉम क्रूज का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि नोलन ने एक इंटरव्यू में अपनी फिल्मों की शूटिंग 90 दिनों के भीतर पूरी करने की बात कही थी। वहीं, टॉम क्रूज की फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल’ का जिक्र करते हुए अक्षय ने कहा कि इसकी शूटिंग भी लगभग 55 दिनों में पूरी हुई थी।
दीपिका पादुकोण की शिफ्ट को लेकर भी हुआ था विवाद
फिल्म इंडस्ट्री में आठ घंटे की शिफ्ट का मुद्दा पहले भी चर्चा में रहा है। साल 2025 में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘स्पिरिट’ से अलग होने की खबरों के बाद यह बहस तेज हो गई थी। उस समय दावा किया गया था कि दीपिका ने फिल्म की शूटिंग के लिए आठ घंटे की शिफ्ट की मांग रखी थी।
इसके बाद ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल से भी उनके बाहर होने की खबर सामने आई थी। अक्टूबर 2025 में एक इंटरव्यू के दौरान दीपिका ने अपनी मांग का बचाव करते हुए कहा था कि कई पुरुष सुपरस्टार लंबे समय से आठ घंटे की शिफ्ट में काम करते आ रहे हैं, लेकिन उनके मामले में इस तरह की आलोचना नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा था कि महिला होने की वजह से उनकी मांग को अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
इस मुद्दे पर आलिया भट्ट, करण जौहर और नेहा धूपिया समेत कई हस्तियों ने दीपिका का समर्थन किया था।
‘गोलमाल 5’ में दिखेंगे अक्षय कुमार
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही रोहित शेट्टी की कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, शरमन जोशी और तुषार कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म की शूटिंग जारी है और इसे 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।








