लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में लगी भीषण आग, 200 मरीजों को किया गया शिफ्ट

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : बीती रात लखनऊ के सबसे व्यस्त और प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक, लोकबंधु अस्पताल में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात के करीब वक्त में जब मरीज गहरी नींद में थे, तभी अस्पताल की एक यूनिट में धुआं और फिर आग की लपटें उठती देखी गईं। स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मरीजों को बाहर निकाला जाने लगा।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस बीच अस्पताल में भर्ती लगभग 200 मरीजों को सुरक्षित दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया।

मौके पर DCP साउथ निपुण अग्रवाल भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और हालात को संभाला। राहत की बात ये रही कि इस भीषण आगजनी में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक खुद अस्पताल के लिए रवाना हुए और घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, और यह पता लगाया जा रहा है कि आग किस कारण लगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button