हरदोई: एक माह से बिजली संकट, 200 घर परेशान

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  हरदोई : सुरसा क्षेत्र में स्थित बम्हनाखेड़ा गांव के लोग पिछले एक महीने से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। परेशान ग्रामीणों ने कराही पुरवा विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया।

गांव में लगे दो 63 केवीए और दो 25 केवीए ट्रांसफार्मर हैं। करीब 200 से अधिक घरों में बिजली कनेक्शन हैं। एक महीने पहले केबल खराब होने से सौ से ज्यादा घरों की बिजली बंद हो गई। इसके बाद दस दिन पहले दोनों 25 केवीए ट्रांसफार्मर भी खराब हो गए।

ग्रामीणों ने कई बार उपकेंद्र पर जाकर शिकायत की। अवर अभियंता से संपर्क का प्रयास किया। लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। अनुज शुक्ला, गुल्लेज, अब्दुल शईद समेत कई ग्रामीणों का कहना है कि अवर अभियंता उपकेंद्र पर मिलते ही नहीं हैं।

करीब चार दर्जन उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने अवर अभियंता को मौके पर बुलाने की मांग की। समाधान का आश्वासन न मिलने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।

बाद में अवर अभियंता पंकज रावत ने फोन पर उपभोक्ताओं से बात की। उन्होंने जल्द ही खराब केबल और ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button