Bareilly: वोटर लिस्ट से 26 हिंदू मतदाताओं के नाम गायब, BLO नफीस खां पर गिरी गाज

Bareilly: बरेली के शेरगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर में मतदाता सूची से 26 हिंदू मतदाताओं के नाम हटाने के मामले में बीएलओ और सहायक अध्यापक नफीस मोहम्मद खां को निलंबित कर दिया गया है। उन पर पूर्व प्रधान से मिलीभगत कर सांप्रदायिक दुर्भावना के चलते नाम कटवाने का आरोप है। शिकायत के बाद हुई जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितता मिलने पर बीएसए डॉ. विनीता ने यह कार्रवाई की है।

पूर्व प्रधान से मिलीभगत का आरोप

मामला मोहम्मदपुर गांव का है। ग्राम पंचायत के वर्तमान प्रधान राहुल गंगवार ने इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपोजिट स्कूल मोहम्मदपुर में तैनात बीएलओ नफीस खां ने पूर्व प्रधान रेहान खां के साथ मिलीभगत कर 26 हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से हटवा दिए।

ग्रामीण वेद प्रकाश, हेमकली, ललिता देवी, राकेश और ढाकन लाल समेत कई लोगों ने शपथपत्र देकर शिकायत की पुष्टि की।

जांच में नहीं दे सके नाम हटाने का ठोस कारण

शिकायत के बाद एसडीएम और बीडीओ स्तर पर गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने मामले की जांच की। जांच के दौरान बीएलओ 26 मतदाताओं के नाम हटाने के संबंध में कोई ठोस साक्ष्य या वैध कारण पेश नहीं कर सके।

इसके बाद बीएसए डॉ. विनीता ने नफीस मोहम्मद खां को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें मीरगंज ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल सहसा से संबद्ध किया गया है।

15 दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट

मामले की विभागीय जांच के लिए बीईओ फतेहगंज पश्चिमी भानु शंकर गंगवार को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम बोले- सभी पहलुओं की होगी जांच

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि मामले में सांप्रदायिक द्वेष समेत सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए या फिर ऐसा किसी तकनीकी गलती के कारण हुआ।

डीएम ने स्पष्ट किया कि अगर जांच में साजिश के तहत और दुर्भावना से नाम हटाने की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Back to top button