“यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के पास स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। 20 से अधिक यात्रियों ने कूदकर जान बचाई।“
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक स्लीपर बस हादसा हो गया। एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास करीब 35 किलोमीटर माइलस्टोन पर दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रेवल्स की डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास अचानक लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक को बस के इंजन की तरफ आग लगने का पता चला। चालक ने तत्काल बस को ओवरटेकिंग लेन से एक्सप्रेसवे के किनारे सोल्डर पर खड़ा किया और आग बुझाने का प्रयास किया।
हालांकि आग तेजी से फैलने लगी। चालक और परिचालक ने यात्रियों को बस से बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई। अचानक आग फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
आग में नौ यात्रियों की जलकर मौत
बस में लगी आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही समय में पूरा वाहन उसकी चपेट में आ गया। अंदर फंसे नौ यात्रियों की मौत हो गई। बताया गया है कि मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गए। कई शवों की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत हो गई। इसके चलते घटनास्थल पर मृतकों की पहचान करना संभव नहीं हो सका।
पांच घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान काफी देर तक सुलगता रहा।
बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को बस की बॉडी काटनी पड़ी। करीब पांच घंटे चले अभियान के बाद शवों और मिले अवशेषों को बाहर निकाला गया और कैलाश अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में एसी में स्पार्क की बात
गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और उसके तेजी से फैलने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच अभी जारी है।
आग के दौरान बस से पटाखे जैसे फटने की आवाज सुनाई देने की बात भी प्रत्यक्षदर्शियों ने कही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
यातायात रोककर संभाली गई स्थिति
आग की भयावहता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज पर करीब 30 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। इस दौरान दो कारों के आपस में टकराने की भी सूचना है।
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने और बस को सुरक्षित हटाए जाने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात को फिर से सामान्य कर दिया गया।
सुरक्षित यात्रियों को टेंपो ट्रेवलर से भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। उपजिलाधिकारी जेवर ने सुरक्षित बचे यात्रियों को जेवर टोल पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
इसके बाद प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए टेंपो ट्रेवलर की व्यवस्था की गई और उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
टिकट बुकिंग से होगी मृतकों की पहचान
हादसे में मारे गए यात्रियों के शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी मौके पर पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अब बस की टिकट बुकिंग डिटेल के आधार पर यात्रियों की जानकारी जुटा रही है।
प्रशासन संबंधित यात्रियों के परिजनों से संपर्क करेगा। इसके बाद परिजनों के डीएनए नमूने लेकर शवों से मिलान कराया जाएगा। डीएनए जांच के बाद ही मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
चालक और परिचालक हिरासत में
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक, मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने घटना में हुई जनहानि को अत्यंत दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तथा घायलों के उपचार के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
हादसे की जांच जारी
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण बस हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। फिलहाल प्राथमिक जांच में आग की शुरुआत बस के एसी क्षेत्र से होने की बात सामने आई है, लेकिन आग लगने के अंतिम कारण की आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








