
श्रावस्ती : उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एक गर्भवती महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि टीकाकरण के लिए मायके जाने की बात पर हुए विवाद के बाद ससुर ने अपनी बहू के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
टीकाकरण के लिए मायके जाना चाहती थी महिला
घटना सिरसिया थाना क्षेत्र की बनकटवा कला ग्राम पंचायत की है। गांव निवासी 20 वर्षीय सबीना आठ महीने की गर्भवती थी। बुधवार सुबह वह टीकाकरण कराने के लिए अपने मायके जाना चाहती थी।
पुलिस के मुताबिक, उसके ससुर निरामली ने मायके जाने से मना करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिरसिया में ही टीकाकरण कराने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के बाद डंडे से हमला करने का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ससुर ने पास में रखे डंडे से सबीना के सिर पर कई वार किए। हमले में महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया।

ग्राम प्रधान की सूचना पर थाना प्रभारी दीपक कुमार दुबे फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी ससुर गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
एएसपी चंद्रकेश सिंह के मुताबिक, टीकाकरण के लिए मायके जाने की बात पर महिला और उसके ससुर के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान ससुर ने उस पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मृतका के परिजनों के आने और उनकी तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।









