
पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ रहे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर भाजपा, राजद, जन सुराज और निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। अन्य तीन सीटों पर मतगणना जारी है।
कोसी स्नातक सीट से डॉ. एनके यादव की जीत
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी और पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने बताया कि दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव को विजयी घोषित किया गया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 9,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।
पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह ने मानी हार
पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने जदयू प्रत्याशी नीरज सिंह का विरोध करते हुए जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। इसके बाद जदयू ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

विजय सिन्हा बोले- NDA जनता के भरोसे पर खरी उतरी
बिहार के मंत्री विजय सिन्हा ने एमएलसी चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए पूरी एकजुटता के साथ जनता के विश्वास पर खरी उतरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। उनके मुताबिक, राज्य में गोली और बोली की राजनीति को खत्म करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने विजयी उम्मीदवारों को दी बधाई
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव जीतने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि विधान परिषद में शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे।
तेजस्वी यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, पेपर लीक, पढ़े-लिखे युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की कमी और कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में पढ़ाई का गिरता स्तर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रतिनिधि इन मुद्दों को सदन में उठाकर समाधान की दिशा में काम करेंगे।









