
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार घोषित किया है। हरदीप सिंह पुरी भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राजनयिक और लेखक हैं। विदेश सेवा में लंबा अनुभव रखने वाले पुरी केंद्र सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
हरदीप सिंह पुरी का जन्म 15 फरवरी 1952 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से इतिहास में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। वह 1974 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी रहे हैं और करीब 39 वर्षों तक राजनयिक के रूप में सेवाएं दीं।

अपने राजनयिक करियर के दौरान पुरी ने जिनेवा और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में काम किया। वर्ष 2014 में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें 2017 में केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया।
फिलहाल हरदीप सिंह पुरी केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उनकी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद अब चुनावी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।









