
लखनऊ : स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने 27 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें ‘क्रिएटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। मंच पर बातचीत के दौरान हर्ष ने एक मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर सीएम योगी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। हर्ष ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया है।
हर्ष ने की सीएम योगी की तारीफ
वीडियो में हर्ष गुजराल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के लिए मुख्यमंत्री की तारीफ की। हर्ष ने कहा कि उन्हें अंदाजा है कि पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी का कितना बोझ उनके कंधों पर होगा। उनकी यह बात सुनकर योगी आदित्यनाथ मुस्कुराने लगे।
केले बेचने वाले की कहानी सुनकर हंस पड़े सीएम
इसके बाद हर्ष ने लखनऊ के अपने एक पुराने दौरे का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि एक बार कॉमेडी शो के लिए शहर आए थे। इस दौरान उनकी मुलाकात एक केले बेचने वाले से हुई। हर्ष ने उससे पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में अब भी अपराध होते हैं?
केले बेचने वाले ने जवाब दिया कि प्रदेश में अपराध पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। जब हर्ष ने उससे पूछा कि उसे यह बात कैसे पता, तो उसने बताया कि वह पहले खुद अपराधी था, लेकिन अब केले बेचने लगा है।

यह जवाब सुनकर हर्ष गुजराल हंस पड़े। उनका यह किस्सा सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जोर-जोर से हंसने लगे। कार्यक्रम में मौजूद लोग भी इस मजेदार बातचीत का आनंद लेते नजर आए।
हर्ष ने बताया खास अनुभव
हर्ष गुजराल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि ‘क्रिएटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड पाकर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हंसी-मजाक का यह पल साझा करना भी उनके लिए खास अनुभव रहा।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी इस पर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने हर्ष के मजाकिया अंदाज को पसंद किया, जबकि कुछ ने मुख्यमंत्री के साथ हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत को मनोरंजक बताया।








