हरदोई में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक, विभागों को दिए गए सख्त निर्देश

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  हरदोई : संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत वर्ष 2025 के पहले विशेष अभियान की समीक्षा बैठक दिनांक 21 अप्रैल को देर सायं स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्साधिकारी ने की और जिले के समस्त संबंधित विभागों की सहभागिता रही।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा छात्रों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु जागरूक किया गया, जिससे स्कूल स्तर पर अभियान की सफलता सुनिश्चित हुई है।

राज्य स्तर पर संचालित दस्तक एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की रैंकिंग में हरदोई जनपद ने अधिकांश बिंदुओं में राज्य औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, आशाओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर स्टिकर चिपकाने के कार्य में जिले का प्रदर्शन राज्य औसत से कुछ कम रहा, जिस पर सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सतर्क करते हुए निर्देशित किया गया कि आशाओं को जिम्मेदारीपूर्वक अभियान से जोड़ा जाए और किसी भी स्तर पर कोताही न हो।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि टीबी, कुष्ठरोग एवं बुखार के रोगियों को एएनएम एवं आशा के माध्यम से ई-कवच पोर्टल पर पंजीकृत कराया जाए, ताकि समय से आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसके साथ ही आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता संख्या (आभा आईडी) की उपलब्धि को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाकर कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, नगर विकास सहित कुल 12 विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करते हुए लगातार अपनी रैंकिंग सुधारें, जिससे जनपद की समग्र रैंकिंग प्रभावित न हो।

इस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ एवं पाथ संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक का मूल उद्देश्य था – अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए भावी रणनीति को मजबूती प्रदान करना और सभी संबंधित विभागों के मध्य समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button