विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा नदी में रिवर रैचिंग एवं गोष्ठी का हुआ आयोजन

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर परशुक्रवार को प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड हैदराबाद द्वारा प्रायोजित रिवर रैचिंग कार्यक्रम का आयोजन उजिहिनी खालसा घाट, गंगा नदी पर किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड की त्रिवेणी हैचरी से प्राप्त कुल 2.35 लाख भारतीय मेजर कार्प रोहू, कतला, नैन प्रजाति की 80 से 100 मिमी आकार की मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय किया गया। रिवर रैचिंग का शुभारंभ खण्ड विकास अधिकारी मूरतगंज गिरजेश प्रसाद एवं जिलाध्यक्ष निषाद पार्टी विजय कुमार निषाद द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। रिवर रैचिंग के उपरांत आयोजित गोष्ठी में जिला मत्स्य अधिकारी पी.के. शुक्ला ने उपस्थित मत्स्य पालकों, मछुआ समुदाय एवं स्थानीय जनमानस को मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों में मत्स्य संसाधन संरक्षण, मत्स्य उत्पादन में वृद्धि तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। गोष्ठी में मत्स्य निरीक्षक अभिषेक वर्मा, मत्स्य विकास अधिकारी ब्रजेश सिंह, सहित बड़ी संख्या में मत्स्य पालक एवं मछुआ समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button