डीएम ने ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया, उपरिगामी सेतु मरम्मत को मिली स्वीकृति, 17 को होगा पेंशनर्स दिवस

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क रायबरेली : मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का आन्तरिक त्रैमासिक निरीक्षण राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, लॉग बुक तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसी क्रम में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि शासन द्वारा जनपद के जहानाबाद-रतापुर मार्ग पर रेलवे स्टेशन के निकट गल्ला मंडी स्थित क्षतिग्रस्त रेल उपरिगामी सेतु के मरम्मत कार्य हेतु 135.83 लाख रुपये (एक करोड़ पैंतीस लाख तिरासी हजार) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उपरिगामी सेतु के मरम्मत कार्य की शुरुआत की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि 17 दिसम्बर 2025 को पूर्वाह्न 12:30 बजे बचत भवन सभागार, कलेक्ट्रेट में पेंशनर्स दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सेवानिवृत्त राजकीय कर्मचारी, बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा एवं विद्युत विभाग के पेंशनर्स संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं अन्य कार्यालयाध्यक्ष पेंशन स्वीकृति व भुगतान प्रक्रिया में आने वाली कठिनाइयों तथा शासन द्वारा जारी विभिन्न शासनादेशों के अनुपालन के संबंध में चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button