छोटी काशी पतंग महोत्सव 2.0 का भव्य शुभारंभ, चाइनीज मांझे के विरुद्ध दिया गया सुरक्षा का संदेश

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ एवं गोला टूरिज्म के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छोटी काशी पतंग महोत्सव 2.0 का भव्य शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन न केवल पतंग उड़ाने की पारंपरिक भारतीय संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक बना, बल्कि चाइनीज मांझे के खिलाफ जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं तथा जनसुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ ने कहा कि पतंग महोत्सव हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ खतरनाक चाइनीज मांझे के प्रयोग को रोकने का जन आंदोलन भी है। कार्यक्रम के मुख्य समागत कबीर धाम मुस्तफाबाद के प्रवीण साहेब रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एबीवीपी संगठन मंत्री सत्यम दुबे ने की। महोत्सव के दौरान नगरवासियों, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि आगामी चरणों में प्रतियोगिताएं और अधिक रोमांचक होंगी तथा समापन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए गठित निर्णायक मंडल में राजेंद्र सोनी, कुलदीप तिवारी, डॉ. आदर्श दीक्षित, डॉ. सौरभ दीक्षित, डॉ. योगेश कनौजिया एवं एडवोकेट सुमित शाह शामिल रहे।

प्रतियोगिता परिणाम जूनियर वर्ग में विभिन्न राउंड में शौर्य गुप्ता, अभिमान गुप्ता, युवराज तिवारी, रुद्रांश गुप्ता, मोहम्मद तंजीव सलमानी, कृष्णा शर्मा, महेंद्र सिंह एवं उज्ज्वल जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में अभिनंदन शुक्ल, दिव्यांश यादव, वंश कश्यप, विकास, अभिषेक कश्यप एवं अरुण अवस्थी ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर सभासद नानक चन्द्र वर्मा, रियाजुद्दीन, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष अरुण अवस्थी, भाजपा युवा मोर्चा नगर महामंत्री हिमांशु सिंह सहित गोला टूरिज्म संगठन के पदाधिकारी, नगर पालिका कर्मचारीगण एवं अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button