घर के बाहर सो रहे अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  कौशाम्बी : सैनी कोतवाली क्षेत्र के गनपा गांव में देर रात एक अधेड़ व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान गणेश प्रसाद लोधी पुत्र दशरथ उम्र 56 वर्ष के रूप में हुई है। वह रात में अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे।

देर रात अज्ञात हमलावरों ने गणेश प्रसाद के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। सुबह जब परिजन जागे तो गणेश को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गये। घटना की सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सिराथू संतोष कुमार सहित फॉरेंसिक टीम भी पहुंची तथा साक्ष्य संकलन किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के घर के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा काफी समय से खराब था, यदि कैमरा चालू होता तो घटना के खुलासे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते थे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के प्रयास तेज कर दिए हैं। गांव में हत्या की इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button