राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंटरनेट का सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सकारात्मक उपयोग आज के डिजिटल युग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक रहें।
कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि इस बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्कता के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते इंटरनेट उपयोग के साथ-साथ साइबर अपराधों की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं युवाओं ने सहभागिता की तथा “सेफ इंटरनेट, सेफ फ्यूचर” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
