सीडीओ सान्या छाबड़ा ने ब्लॉक कार्यालय निरीक्षण में अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने बुधवार को विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों में लापरवाही और वित्तीय अभिलेखों में अनियमितता मिलने पर सीडीओ ने सुधार करने के निर्देश दिए।उन्होंने लेखाकार पटल पर गार्ड फाइल अद्यावधिक न पाए जाने पर लेखाकार सुनील कुमार सिंह के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करते हुए उन्हें आरोप पत्र जारी करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए।

जानकारी के अनुसार,सीडीओ ने ब्लॉक परिसर में क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए इन्टरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर तकनीकी समिति से जांच कराने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में मानक की अनदेखी अक्षम्य है। इसके साथ ही सभागार की फाल्स सीलिंग सही करवाने और जर्जर पड़े बीडीओ आवास के तत्काल मूल्यांकन व निस्तारण के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए।दफ्तरों के निरीक्षण के दौरान स्थापना, मनरेगा और एनआरएलएम सेल के अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं मिला। कर्मचारियों की नेमप्लेट और कार्य विवरण न होने पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने सभी पटलों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि सभी कार्मिक निर्धारित ‘जॉब चार्ट’ के अनुसार ही कार्य संपादित करें और शिकायत निस्तारण पंजिका को अद्यतन रखें। निरीक्षण के कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा अशोक द्विवेदी बीडीओ संजय कुमार अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button