Bihar MLC Election 2026 : बिहार MLC चुनाव: 8 स्नातक-शिक्षक सीटों पर मतदान जारी, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक क्षेत्रों में 30.19% वोटिंग

बिहार विधान परिषद की 8 स्नातक-शिक्षक सीटों पर मतदान जारी, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक क्षेत्रों में 30.19% और स्नातक क्षेत्रों में 12.88% वोटिंग; मोकामा में समर्थकों के बीच झड़प

  • बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान जारी

Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 3,86,199 पुरुष, 1,46,611 महिलाएं और 37 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए राज्यभर में 9,333 मतदान केंद्र बनाए जाने की जानकारी दी गई है।

मंत्री और उपमुख्यमंत्री ने किया मतदान

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र संख्या 74ए पर वोट डाला।

बेगूसराय जिले के छौड़ाही प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 91 पर पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में भी उत्साह देखने को मिला। अनिता कुमारी, पिंकी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, राम बाबू ठाकुर और मिथुन कुमार ने मतदान के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही और पहचान पत्र दिखाकर खुशी जाहिर की।

दोपहर 12 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 30.19% मतदान

दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में औसतन 30.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सारण शिक्षक क्षेत्र 42.55 प्रतिशत मतदान के साथ आगे रहा। दरभंगा में 37.50 प्रतिशत, पटना में 30.06 प्रतिशत और तिरहुत शिक्षक क्षेत्र में 10.64 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में औसत मतदान 12.88 प्रतिशत रहा। कोशी स्नातक क्षेत्र में 17.94 प्रतिशत, पटना में 15.02 प्रतिशत, दरभंगा में 13 प्रतिशत और तिरहुत स्नातक क्षेत्र में 5.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

शिवहर में मतदान की रफ्तार धीमी

शिवहर जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए छह-छह मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई। शुरुआती दो घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 6.60 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 21.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। डुमरी कटसरी में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ पर सुबह 10 बजे तक एक भी वोट नहीं पड़ने की जानकारी सामने आई, जबकि स्नातक क्षेत्र में 6.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मोकामा में समर्थकों के बीच झड़प, तीन हिरासत में

मोकामा में मतदान शुरू होने के बाद जेडीयू और जन सुराज पार्टी (जसुपा) के समर्थकों के बीच बहस और झड़प की खबर सामने आई। बताया गया कि अनंत सिंह के समर्थक राजेश सिंह और नीरज कुमार के समर्थक राहुल रंजन के बीच विवाद हुआ। सूचना मिलने पर डीएसपी मौके पर पहुंचे। तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया।

पटना में छोटू सिंह को STF ने हिरासत में लिया

एमएलसी चुनाव के दौरान पटना के जक्कनपुर इलाके में जेडीयू से निष्कासित छोटू सिंह को एसटीएफ ने हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ और विशेष टीम ने उन्हें करबिगहिया के पास से हिरासत में लिया। इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

बिहार में विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। प्रशासन की नजर मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं की भागीदारी और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत पर बनी हुई है।

Back to top button