BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय यूपी दौरे पर पहुंचे, सीएम योगी ने किया स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान वे संगठनात्मक बैठकों, एनडीए नेताओं से संवाद और कार्यकर्ताओं के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर उत्तर प्रदेश पहुंचे। राजधानी लखनऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व इसे संगठन को और मजबूत बनाने तथा चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में अहम कदम के रूप में देख रहा है।

लखनऊ पहुंचने के बाद नितिन नवीन एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा मुख्यालय तक रोड शो के जरिए पहुंचे। यह यात्रा आलमबाग, टीएन चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहे से होकर गुजरी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। बैठक में सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

भाजपा सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ भी अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ भी राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

शनिवार शाम राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ के पुराना हैदराबाद स्थित प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे तथा भाजपा प्रदेश कोर कमेटी के साथ संगठनात्मक समीक्षा करेंगे।

देर शाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मान से सम्मानित साहित्यकार डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर प्रदेश की विभिन्न प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोज कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दौरे के दूसरे दिन रविवार को नितिन नवीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। इसके बाद एनडीए नेताओं के साथ संयुक्त बैठक होगी। वह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग बैठक कर संगठन और सरकार के समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर में राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, लाभार्थी संपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।

शाम को नितिन नवीन लखनऊ के पीर नगर स्थित भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाएंगे और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी लेंगे।

उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला प्रदेश दौरा है। ऐसे में इसे संगठन के लिए दिशा तय करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रवास माना जा रहा है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button