“समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री से जुड़े थे। जानें पूरी खबर, परिवार, व्यवसाय और मौत से जुड़ी ताजा जानकारी।“
लखनऊ में बुधवार सुबह समाजवादी परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई। प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल उनकी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।

प्रतीक यादव के घर पहुंचीं अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट
-1778640398838.jpeg)
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट लखनऊ स्थित घर पहुंच गई हैं। बता दें कि अभी यादव परिवार की तरफ से कोई भी ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की सक्रिय नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
कुछ दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत
सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक यादव की तबीयत गंभीर रूप से खराब हुई थी। उन्हें लखनऊ के एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि तीन दिन तक इलाज चलने के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था। इसके बाद वह घर लौट आए थे।

बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। निधन की खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों खेमों में शोक की लहर दौड़ गई।
राजनीति से दूर रहकर बनाई अलग पहचान
राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रहे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कारोबार और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई।
लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे। फिटनेस को लेकर वह काफी सजग माने जाते थे और सोशल मीडिया पर भी अक्सर अपने वर्कआउट और फिटनेस वीडियो साझा करते थे।
इसके अलावा वह पशु संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे। उनकी संस्था ‘जीव आश्रय’ स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन, देखभाल और रेस्क्यू का काम करती थी। लखनऊ में पशु प्रेमियों के बीच उनकी संस्था काफी चर्चित रही।
14 साल पहले अपर्णा यादव से की थी लव मैरिज
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही थी। दोनों की पहली मुलाकात वर्ष 2001 में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रिश्ता गहरा होता गया।
करीब दस साल तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने 4 दिसंबर 2011 को सैफई में धूमधाम से शादी की। यह शादी उस समय प्रदेश की चर्चित हाई-प्रोफाइल शादियों में शामिल रही थी। समारोह में फिल्म जगत, राजनीति और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की दो बेटियां हैं।
जनवरी में तलाक की चर्चा ने बटोरी थीं सुर्खियां
इस साल जनवरी में प्रतीक यादव और अपर्णा यादव का रिश्ता अचानक चर्चा में आ गया था। प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर तलाक को लेकर पोस्ट साझा कर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने निजी जीवन को लेकर कई भावुक बातें लिखी थीं।
हालांकि, करीब नौ दिन बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी। इसके बाद प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था — “All is Good।”

फरवरी 2026 में दोनों अपनी बेटियों के साथ एक पारिवारिक समारोह में भी साथ नजर आए थे। उस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आते ही लखनऊ स्थित उनके आवास पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी के नेता, भाजपा के कई पदाधिकारी, परिवार के करीबी और समर्थक लगातार श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
समाजवादी परिवार के लिए यह बड़ा व्यक्तिगत आघात माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में भी उनके निधन को लेकर शोक व्यक्त किया जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”







