सिंगाही में नगर पंचायत प्रांगण में हुआ होली मिलन समारोह, फूलों व गुलाल से खेली होली

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : होली के पावन पर्व के अवसर पर नगर पंचायत प्रांगण में नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम के नेतृत्व में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए और एक-दूसरे को रंग-गुलाल का टीका लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। होली मिलन समारोह चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम की अध्यक्षता में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित रामगोपाल मिश्रा द्वारा नवसंवत्सर का संवत पाठ कर सभी को सुनाने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गुलाब के फूलों से होली खेलकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम ने नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नगरवासी हर वर्ष शांतिपूर्ण और सद्भावना के साथ इस पर्व को मनाते हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। इसी उद्देश्य से नगर के सभी वर्गों के नागरिकों, व्यापारियों, शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने के लिए कई वर्षों से यह आयोजन कराया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने फूलों की होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान डॉ. एम.आर. सेठी, पं. सोनेलाल मिश्र, राकेश जायसवाल, सभासद रामनरेश गुप्ता, राहुल गुप्ता सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button