
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : भारत सरकार के आदेशानुसार आधार कार्ड का नामांकन कार्य केवल सहकारी कार्यालय रजिस्टार, डाक विभाग, बैंकों, ब्लॉक, शिक्षा केन्द्रो पर बनाने का प्रावधान है। वर्तमान समय में विकासखंड कछौना में आधार कार्ड केंद्र विकासखंड कछौना कार्यालय, उप डाकघर, बैंक आफ इंडिया शाखा कछौना, ब्लॉक संसाधन केंद्र कछौना में संचालन का प्रावधान है, परंतु विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते केवल उप डाकघर कछौना में सुचारू रूप से सुविधा संचालित है। विकासखंड कछौना कार्यालय में स्थित केन्द्र नियमित रूप से नहीं खुलता है।
विकासखंड कछौना की आबादी लगभग दो लाख के आसपास है, जो केवल उपडाक घर पर निर्भर है। उप डाकघर के बाहर सुबह से लाइन लग जाती है। जिसमें नन्हे बच्चे महिलाएँ बुजुर्ग बीमार सभी सुबह तड़के हीं आकर लाइन में लग जाते जाते हैँ और भूखे प्यासे अपनी बारी का इंतजार करते नजर आते हैं! नया आधार कार्ड बनाने, संशोधन, बायोमेट्रिक कराने के लिए आवेदक दर-दर भटक रहे हैं। नौनिहालों के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्र कछौना आधार कार्ड केन्द्र संचालित है, जो लगभग 8 माह से बंद चल रहा है। अप्रैल से शिक्षा का नया सत्र शुरू होने वाला है।
जबकि नौनिहालों व ड्राप आउट बच्चों के प्रवेश के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता है। ऐसे में ब्लॉक संसाधन केंद्र के आठ माह से आधार कार्ड सुविधा बंद चल रही है। कई बार खंड शिक्षा अधिकारी से आधार कार्ड केंद्र चालू करने के लिए मांग की गई है। परंतु अभी तक आधार कार्ड की सुविधा नहीं चालू हो पाई है। जिससे लोगों को काफी सुविधा हो रही है। मेरा आधार, मेरी पहचान स्लोगन लोगों को चिढ़ा रहा है। जनसरोकार मंच के परमेश्वर दयाल, अंकित कुमार, नवनीत कुमार, इंद्रजीत यादव, क्षेत्रीय विकास जन आंदोलन के अध्यक्ष रामखेलावन कनौजिया ने पूरे मामले को क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराया जिस पर विधायक ने सभी तय आधार केंद्रों के सुव्यवस्थित संचालन का आश्वासन दिया है!









