लखनऊ में डिप्टी सीएम आवास पर शंख बजाकर प्रदर्शन, ब्रजेश पाठक बोले- किसी छात्र के साथ अन्याय नहीं होगा

यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सवर्ण मोर्चा का प्रदर्शन, बातचीत के बाद शांत हुए प्रदर्शनकारी

लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर सवर्ण मोर्चा का शंख बजाकर प्रदर्शन। UGC नियमों को लेकर विरोध, पाठक बोले- किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होगा।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शंख बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया और नियमों को ‘काला कानून’ बताया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डिप्टी सीएम आवास पहुंचे और यूजीसी के नए नियमों को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने पूछा कि ऐसे नियम लाने की जरूरत क्यों पड़ी, जबकि इससे छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

नेताओं ने उठाए सवाल

संगठन के संयोजक संदीप सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता पंडित अभिनव नाथ त्रिपाठी और बसंत सिंह बघेल के नेतृत्व में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नए नियमों से सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ अन्याय हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई फर्जी मामला दर्ज हो जाता है तो छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा।

ब्रजेश पाठक ने शांत कराया प्रदर्शन

इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सामान्य वर्ग से आते हैं और किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को दिल्ली नेतृत्व के समक्ष उठाया जाएगा और सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

बातचीत के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हो गए और अपना विरोध समाप्त कर दिया। हालांकि, सवर्ण मोर्चा ने स्पष्ट किया कि जब तक विवादित नियम पूरी तरह वापस नहीं लिए जाते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button