
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लखीमपुर खीरी ने एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। मार्च माह की IGRS रैंकिंग में जिले की मितौली, पलिया और निघासन तहसीलों ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिससे जनपद का नाम पूरे प्रदेश में प्रमुखता से उभरा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में संचालित शिकायत निस्तारण प्रणाली में जनपद का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। बीते सात महीनों से लखीमपुर खीरी, लखनऊ मंडल में प्रथम स्थान पर बना हुआ है, वहीं प्रदेश स्तर पर भी टॉप-10 में अपनी स्थिति बनाए हुए है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के मार्गदर्शन में शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। समयबद्ध समाधान, मौके पर जांच और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसका सकारात्मक असर रैंकिंग में दिखाई दे रहा है। तहसील मितौली में एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, पलिया में एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार और निघासन में एसडीएम राजीव कुमार निगम के नेतृत्व में टीमों ने बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया। पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया गया। गौरतलब है कि मितौली तहसील ने लगातार दूसरी बार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि को टीमवर्क और प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी तहसीलों को इसी तरह कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं मार्च माह की IGRS रैंकिंग में लखीमपुर खीरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया और मंडल के सभी जनपदों में अव्वल रहा। अन्य जनपदों में हरदोई 13वें, उन्नाव 32वें, सीतापुर 35वें, रायबरेली 61वें और लखनऊ 75वें स्थान पर रहे। मितौली, पलिया और निघासन तहसीलों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जिले का मान और बढ़ाया है।







