प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने यात्रा के दौरान न सिर्फ आम यात्रियों और स्टाफ से बातचीत की, बल्कि VIP यात्राओं में टिकट व्यवस्था को लेकर भी सवाल पूछे।
राज्यपाल ने कैटरिंग स्टाफ से पूछा कि क्या वंदे भारत एक्सप्रेस में VIP लोग भी टिकट लेकर यात्रा करते हैं? जब उन्हें बताया गया कि सभी यात्री नियमों के अनुसार टिकट लेकर सफर करते हैं तो वह संतुष्ट हुईं।
अपने स्टाफ से भी मांगा टिकट
यात्रा के दौरान राज्यपाल ने अचानक अपने स्टाफ की ओर देखा और मुस्कुराते हुए पूछा- “क्या अपने सभी लोगों के पास टिकट है? कोई ऐसा तो नहीं जो बिना टिकट आ गया हो?”
राज्यपाल के इस सवाल पर पूरा कोच मुस्कुरा उठा। इसके बाद उनके स्टाफ ने अपने-अपने टिकट दिखाए। उनके इस व्यवहार को यात्रियों ने सादगी और जिम्मेदारी से जोड़कर देखा।
दीक्षा समारोह में शामिल होने पहुंचीं प्रयागराज
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय के नवम दीक्षा समारोह में शामिल होने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस से प्रयागराज पहुंचीं।
उनके साथ औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और करीब 15 सदस्यीय स्टाफ भी मौजूद था।
अखबार पढ़कर ली देश-दुनिया की जानकारी
लखनऊ से यात्रा शुरू होने के बाद राज्यपाल ने ट्रेन में दैनिक समाचार पत्र पढ़ा और देश-दुनिया की खबरों से खुद को अपडेट किया।
इसी दौरान कैटरिंग स्टाफ से बातचीत में उन्होंने VIP यात्रियों के टिकट को लेकर जानकारी ली।
मंत्री नंदी ने भी साझा किया अनुभव
यात्रा के दौरान मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी एक संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि वह पहले कई बार बच्चों को वंदे भारत की यात्रा करा चुके हैं और हमेशा नियम यही रखा जाता है कि पहले टिकट, फिर सफर।
प्रयागराज पहुंचकर जताया आभार
दोपहर करीब 1:10 बजे जब वंदे भारत एक्सप्रेस प्रयागराज जंक्शन पहुंची तो राज्यपाल ने यात्रियों और अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाई।
उन्होंने विजिटर बुक में लिखा कि “सर्विस बहुत अच्छी थी और यात्रा बहुत ही सुखद रही। धन्यवाद एवं आभार।”
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








