भारतीय योग संस्थान द्वारा पांच दिवसीय हड्डी रोग निवारण शिविर का शुभारम्भ

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी :भारतीय योग संस्थान द्वारा नगर में 8 से 12 अप्रैल तक पांच दिवसीय हड्डी रोग निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार प्रातः 5:30 बजे खराब मौसम के बावजूद उत्साह और उमंग के साथ नगर के आठ विभिन्न स्थलों पर एक साथ शिविरों का शुभारम्भ किया गया।

शिविर का प्रारम्भ माँ सरस्वती पूजन, गीत तथा संस्थान के संस्थापक प्रकाश लाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

नगर के गुरु नानक इंटर कॉलेज, महालक्ष्मी राइस मिल, लखीमपुर ब्लॉक कॉलोनी, नेशनल पब्लिक स्कूल, आनंदपुर सत्संग भवन, अमृत सरोवर राजापुर, श्री चित्रगुप्त कायस्थ धर्मशाला और महंत हरी सिंह पब्लिक स्कूल सहित आठ स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने पर्यवेक्षण करते हुए शिविरों का संचालन सुनिश्चित कराया।

संस्थान के जिला मंत्री शिवराम वर्मा ने ब्लॉक कॉलोनी, जिला संगठन मंत्री अशोक तोलानी ने नेशनल पब्लिक स्कूल तथा सदस्य उमाशंकर त्रिवेदी ने गुरु नानक इंटर कॉलेज में शिविर की जिम्मेदारी संभाली। वहीं जिला प्रधान रमेश कुमार वर्मा एडवोकेट ने श्री चित्रगुप्त कायस्थ धर्मशाला में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ कराया।

अपने संबोधन में उन्होंने हड्डी रोग के कारण, उसके निवारण तथा संस्थान की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। सभी शिविर स्थलों पर योगासन, प्राणायाम, ध्यान, वैदिक प्रार्थना सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला प्रधान ने जानकारी दी कि शिविर के दौरान चंदरानी हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी अंत में सभी शिविर स्थलों पर प्रार्थना एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया तथा उपस्थित साधक-साधिकाओं, केंद्र प्रमुखों, उपकेंद्र प्रमुखों एवं नए शिविरार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button