“Lakhimpur Kheri Violence News 2026: लखीमपुर खीरी में आंबेडकर प्रतिमा टूटने के बाद हिंसा, 500 से ज्यादा लोगों ने पुलिस पर हमला किया, सरकारी गाड़ियों में आगजनी। जानें पूरा मामला।“
लखीमपुर खीरी।जिले के बांकेगंज क्षेत्र के मोतीपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद मंगलवार शाम हिंसा भड़क उठी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि करीब 500 लोगों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया और पूरे इलाके में अराजकता फैल गई।

जानकारी के अनुसार, आंबेडकर जयंती के मौके पर गांव में प्रतिमा स्थापित की गई थी। शाम करीब 4 बजे प्रतिमा हटाने और क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद हालात बिगड़ते चले गए।

उग्र भीड़ ने पुलिस पर जमकर पथराव किया। हालात ऐसे हो गए कि करीब 35-40 पुलिसकर्मी ही मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे थे। भीड़ ने सीओ गोला रमेश तिवारी को दौड़ा लिया और उनकी गाड़ी समेत कई सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया और कुछ को बीच सड़क पलट दिया गया।

इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें चौकी इंचार्ज और अन्य जवान शामिल हैं। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और PAC को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद देर शाम स्थिति पर काबू पाया जा सका।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, यह विवाद एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच प्रतिमा स्थापना को लेकर हुआ था, जिसमें संघर्ष के दौरान प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई।

फिलहाल पुलिस ने दो FIR दर्ज कर करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने साफ कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“








