
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज शाम 4 बजे पार्टी मुख्यालय में एक अहम बैठक करने जा रही है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। बैठक में मीडिया और सोशल मीडिया सेल के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी इन मुद्दों पर अपना पक्ष मजबूती से रखने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति तैयार कर सकती है।
बीएल संतोष और सुनील बंसल करेंगे बैठक की अध्यक्षता
इस हाई लेवल बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष और सुनील बंसल कर सकते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत शीर्ष नेतृत्व के भी शामिल होने की संभावना है।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब विपक्ष ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। विपक्ष SIR में कथित गड़बड़ियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

सोशल मीडिया और टीवी डिबेट पर रहेगा फोकस
बैठक में सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर होने वाली बहसों को लेकर भी रणनीति बनाई जा सकती है। बीजेपी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष रखने की तैयारी करेगी।
कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की रैली
दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ रैली’ और ‘चलो दिल्ली मार्च’ आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। विपक्ष SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध जताएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहा है।
रैली के लिए लोगों को जुटाने में जुटा कांग्रेस नेतृत्व
रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस और गठबंधन के नेता दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहे हैं।
कांग्रेस की योजना बड़ी संख्या में लोगों को रैली में जुटाने की है। ऐसे में SIR और चुनाव आयोग को लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।









