“सलीम वास्तिक गिरफ्तार: गाजियाबाद के लोनी से यूट्यूबर सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा। 1995 के अपहरण और हत्या केस में उम्रकैद की सजा के बाद फरार था।“
गाजियाबाद । सलीम वास्तिक गिरफ्तार मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक यूट्यूबर को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान सलीम वास्तिक के रूप में हुई है, जो 1995 के एक अपहरण और हत्या के संगीन मामले में दोषी था और वर्षों से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, सलीम वास्तिक को लोनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वह सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहता था, लेकिन उसकी असली पहचान लंबे समय तक छिपी रही।
मामला 20 जनवरी 1995 का है, जब उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने 30 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी और रकम न देने पर बच्चे की हत्या की धमकी दी थी। जांच के दौरान पुलिस को शक सलीम पर हुआ, जो उस समय एक स्कूल में मार्शल आर्ट टीचर के तौर पर काम करता था।
बाद में पुलिस ने सलीम को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद किया गया। करीब दो साल तक चले मुकदमे के बाद 1997 में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। हालांकि, साल 2000 में दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और लगातार अपनी पहचान छुपाकर अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलता रहा।
बताया जा रहा है कि उसने खुद को मृत घोषित करवाने तक की साजिश रची, ताकि पुलिस और अदालत को गुमराह किया जा सके। बाद में वह “सलीम वास्तिक” नाम से नई पहचान बनाकर रहने लगा और 2022 के बाद लोनी में बस गया, जहां उसने कपड़ों का कारोबार शुरू किया और यूट्यूब पर सक्रिय हो गया।
फिलहाल दिल्ली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
“देश-दुनिया से जुड़े अपराध, राजनीति और समसामयिक घटनाक्रम की सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें।“








