“नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर लखनऊ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा एवं अस्थि कलश स्थल को यथास्थिति में बनाए रखने की मांग की है। सांसद ने इसे बहुजन समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया।“
नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर लखनऊ स्थित बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा एवं अस्थि कलश स्थल को यथास्थिति में बनाए रखने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि 10 विधानसभा मार्ग स्थित यह स्थल बहुजन समाज की आस्था, श्रद्धा और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अस्थियों का कलश स्थापित है, जिसे डॉ. सविता आंबेडकर ने स्थापित किया था।
कई राष्ट्रीय हस्तियों से जुड़ा है स्थल
पत्र में इस स्थल के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व का भी उल्लेख किया गया है। सांसद ने बताया कि यहां पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन द्वारा बोधि वृक्ष का रोपण किया गया था।
इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने यहां धम्म चक्र की स्थापना की थी, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के कार्यकाल में 12 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित कराई गई थी।
सांसद ने यह भी कहा कि इस स्थल पर पूर्व मुख्य न्यायाधीश के.जी. बालाकृष्णन, पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं।
स्थल हटाने की चर्चा से बढ़ी चिंता
पत्र में आरोप लगाया गया है कि 14 अप्रैल को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस स्थल को हटाने की बात कही गई थी। सांसद का कहना है कि यदि ऐसा कदम उठाया जाता है तो इससे बहुजन समाज की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस ऐतिहासिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल को संरक्षित किया जाए तथा इसकी वर्तमान स्थिति को बरकरार रखा जाए।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज
मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। बहुजन समाज से जुड़े संगठनों ने भी इस स्थल को संरक्षित रखने की मांग उठाई है। वहीं अब मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस मामले में क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








