“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, रेट लिस्ट, CCTV और ड्रोन निगरानी के निर्देश दिए। कांवड़ मार्गों पर शराब और मांस की दुकानें बंद रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।“
लखनऊ। कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलों में एक समान और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पड़ने वाली शराब और मांस की दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रहें। इसके साथ ही होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और दुकानों के बाहर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट भी लगाई जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, मिलावट और उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक
योगी आदित्यनाथ ने सभी पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रहनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग को प्रभावी चिकित्सा शिविर संचालित करने, एंटी-वेनम और एंटी-रेबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम बनाने और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं के प्रसारण पर भी जोर दिया गया।
सभी जिलों में एक जैसी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि रुहेलखंड, ब्रज, बुंदेलखंड, अवध और पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश के श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं। इसलिए प्रत्येक जिले में सुरक्षा और सुविधाओं का स्तर समान होना चाहिए। उन्होंने मेरठ जोन की कार्ययोजना को अन्य जोनों में भी लागू करने के निर्देश दिए।
कांवड़ संघों से संवाद और सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को कांवड़ संघों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने, शिविर संचालकों का समय पर सत्यापन करने और यात्रा मार्गों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ और कटान वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए तथा घाटों पर पर्याप्त सतर्कता बरती जाए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”





