“Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी की पगड़ी हमेशा आकर्षण का केंद्र रही है। जानिए 2014 से 2025 तक उनकी खास पगड़ियों, बांधेज और लहरिया अंदाज की पूरी कहानी।“
नई दिल्ली। देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे। उनके भाषण के साथ ही एक और चीज पर लोगों की खास नजर रहेगी और वह है पीएम मोदी की पगड़ी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री का पारंपरिक और रंगीन साफा पिछले एक दशक से उनके पहनावे की खास पहचान बन चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में पहली बार लाल किले से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को संबोधित किया था। इसके बाद से लगभग हर वर्ष उनकी पगड़ी में अलग रंग, डिजाइन और क्षेत्रीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। इन पगड़ियों के जरिए उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक वस्त्र कला और कारीगरी को भी मंच दिया।
2014 में जोधपुरी बांधेज पगड़ी
स्वतंत्रता दिवस 2014 पर पीएम मोदी ने गहरे लाल रंग की जोधपुरी बांधेज पगड़ी पहनी थी। इसमें हरे रंग की आकर्षक झलक दिखाई दी थी। उनके पहले स्वतंत्रता दिवस भाषण के साथ यह पगड़ी भी चर्चा में रही।
2015 में पीले रंग का आकर्षक साफा
2015 में प्रधानमंत्री ने चमकीले पीले रंग की पगड़ी पहनी। इसमें लाल और गहरे हरे रंग के क्रिस-क्रॉस पैटर्न दिखाई दिए। यह रंग संयोजन काफी आकर्षक नजर आया।
2016 में गुलाबी-पीले रंग का बंधेज अंदाज
2016 में पीएम मोदी ने गुलाबी और पीले रंग वाली बंधेज पगड़ी पहनी। पगड़ी का एक लंबा हिस्सा नीचे की ओर लटकता हुआ दिखाई दिया, जिसने उनके पारंपरिक लुक को खास बनाया।
2017 में लाल और पीले रंग का मेल
2017 में गहरे लाल और पीले रंग की पगड़ी में बारीक सुनहरे क्रिस-क्रॉस डिजाइन देखने को मिले। यह पगड़ी भी स्वतंत्रता दिवस के उनके खास पहनावे का हिस्सा बनी।
2018 में केसरिया रंग की छाप
2018 में पीएम मोदी ने गहरे केसरिया रंग की पगड़ी पहनी, जिस पर लाल रंग के बारीक डिजाइन थे। पगड़ी का लंबा सिरा हवा में लहराता नजर आया।
2019 में राजस्थानी लहरिया की झलक
2019 में प्रधानमंत्री ने राजस्थान की पारंपरिक टेक्सटाइल विरासत को सम्मान देते हुए बहुरंगी लहरिया पैटर्न वाला साफा पहना। इसमें कई रंगों की लहरदार धारियां नजर आईं।
2020 में मास्क के साथ पगड़ी का खास अंदाज
कोरोना महामारी के दौर में 2020 में पीएम मोदी ने केसरिया और क्रीम रंग की पगड़ी पहनी। इसके साथ सफेद और केसरिया रंग का स्टोल भी था, जिसे जरूरत पड़ने पर चेहरे को ढकने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था।
2021 में केसरिया पगड़ी में लाल पैटर्न
2021 में केसरिया रंग को पगड़ी का आधार बनाया गया। इस पर लाल रंग के पैटर्न के साथ गुलाबी रंग का लंबा हिस्सा दिखाई दिया।
2022 में दिखी तिरंगे की झलक
2022 में प्रधानमंत्री की पगड़ी में राष्ट्रीय ध्वज के रंगों की झलक देखने को मिली। सफेद पगड़ी में केसरिया और हरे रंग की धारियां थीं, जो उस समय चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से भी जुड़ी नजर आईं।
2023 में राजस्थानी बांधनी प्रिंट
2023 में पीएम मोदी ने पारंपरिक राजस्थानी बांधनी प्रिंट वाली पगड़ी पहनी। इसमें पीले, हरे और लाल रंगों का खूबसूरत संयोजन देखने को मिला।
2024 में लहरिया प्रिंट की वापसी
2024 में प्रधानमंत्री ने एक बार फिर लहरिया प्रिंट को चुना। इस बार पगड़ी में नारंगी, हरे और पीले रंग की बोल्ड धारियां थीं और इसका लंबा हिस्सा उनके पारंपरिक लुक को और खास बना रहा था।
2025 में मोनोक्रोमैटिक अंदाज
79वें स्वतंत्रता दिवस यानी 2025 में पीएम मोदी ने अपेक्षाकृत अलग अंदाज अपनाया। उन्होंने केसरिया रंग की पगड़ी पहनी, जिसे केसरिया वेस्टकोट और तिरंगे रंग के स्टोल के साथ मैच किया गया था।
2026 में क्या होगा खास?
अब 2026 के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सबकी नजरें इस बात पर हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार किस तरह की पगड़ी पहनकर लाल किले की प्राचीर पर पहुंचेंगे। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी उनकी पगड़ी में किसी क्षेत्रीय परंपरा, भारतीय वस्त्र कला या सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल सकती है।
पिछले 12 वर्षों में पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस के पहनावे में बांधेज, लहरिया, राजस्थानी प्रिंट और तिरंगे के रंगों का इस्तेमाल देखने को मिला है। यही वजह है कि उनके भाषण के साथ-साथ उनकी पगड़ी भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की एक खास पहचान बन चुकी है।






