
“उत्तर प्रदेश में बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स करीब 4,991 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। मेरठ और उन्नाव में एल्युमिनियम बेवरेज कैन संयंत्रों से रोजगार और पैकेजिंग उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।“
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण के क्षेत्र में बड़े वैश्विक निवेश की राह खुल रही है। इसी क्रम में प्रमुख एल्युमिनियम कैन निर्माता बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स के प्रतिनिधिमंडलों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में प्रस्तावित और निर्माणाधीन विनिर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
इन दोनों परियोजनाओं में कुल करीब 4,991 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। सरकार का मानना है कि इन निवेशों से प्रदेश के पैकेजिंग और विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय सप्लाई चेन और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
मेरठ में 2,913 करोड़ रुपये का निवेश करेगी बॉल कॉरपोरेशन
बॉल कॉरपोरेशन की भारतीय इकाई ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में प्रस्तावित विनिर्माण इकाई के लिए भूमि का चयन पूरा कर लिया है।
कंपनी यहां करीब 2,913 करोड़ रुपये के निवेश से एल्युमिनियम बेवरेज कैन का बड़ा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कंपनी के सीईओ रॉन लुईस के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी साझा की।
बॉल बेवरेज पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को उत्तर प्रदेश की एफडीआई नीति-2023 के तहत नीतिगत प्रोत्साहन दिए जाएंगे। सरकार के मुताबिक, इस परियोजना से प्रदेश में पैकेजिंग उद्योग को नई गति मिलने के साथ वैश्विक विनिर्माण कंपनियों के लिए उत्तर प्रदेश की निवेश क्षमता और मजबूत होगी।
उन्नाव में क्राउन होल्डिंग्स की 2,078.44 करोड़ की परियोजना
वहीं, क्राउन होल्डिंग्स ने उन्नाव स्थित IMLC में अपनी पहली ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण सुविधा का ग्राउंडब्रेकिंग किया है। करीब 40 एकड़ में स्थापित होने वाली इस परियोजना में 2,078.44 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से क्राउन होल्डिंग्स के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में कंपनी की ईवीपी एवं सीओओ डाल्मा नोवेस और बेवकैन EMEA के प्रेसिडेंट मार्क केचिसन शामिल रहे।
यह बैठक उन्नाव IMLC में कंपनी की ग्रीनफील्ड परियोजना के ग्राउंडब्रेकिंग के बाद हुई।
200 से ज्यादा प्रत्यक्ष, 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार की उम्मीद
क्राउन होल्डिंग्स के प्रस्तावित संयंत्र में भारत के तेजी से बढ़ते पेय उद्योग के लिए एल्युमिनियम कैन का निर्माण किया जाएगा। परियोजना से 200 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
इसके अलावा लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, परिवहन, रखरखाव, सप्लायर नेटवर्क और सहायक उद्योगों के माध्यम से 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
इस तरह परियोजना का असर केवल संयंत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके आसपास के विभिन्न सेवा और औद्योगिक क्षेत्रों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
पैकेजिंग इकोसिस्टम और स्थानीय सप्लाई चेन को मिलेगा फायदा
दोनों वैश्विक कंपनियों की परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश के पैकेजिंग और उन्नत विनिर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इनसे प्रदेश में एल्युमिनियम कैन निर्माण की क्षमता बढ़ने के साथ स्थानीय सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि इस तरह के निवेश से विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और सप्लायर नेटवर्क जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टरों को वैश्विक कंपनियों के साथ जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
ग्लोबल कंपनियों के भरोसे को सरकार ने बताया अहम संकेत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई बैठकों में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा यूपीईडा के सीईओ दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ शशांक चौधरी भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स जैसी वैश्विक विनिर्माण कंपनियों का प्रदेश में निवेश राज्य के औद्योगिक माहौल और निवेश नीतियों में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
सरकार इन परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश को उन्नत विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने और राज्य की एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देख रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









