
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में जस्सिया रोड स्थित ग्रीन एन्क्लेव में दहेज की मांग को लेकर पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने महिला के बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिरा दिया और लातों से पीटा। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। पीड़िता ने जगतपुरी चौकी पुलिस को शिकायत देकर फुटेज सौंप दी है।
शादी के कुछ महीने बाद थार की मांग का आरोप
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता समराला चौक पर अपना सैलून चलाती है, जबकि उसका पति मेडिकल लाइन में काम करता है। दोनों की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। महिला की यह दूसरी शादी है और पहली शादी से उसका सात साल का बेटा भी है।
महिला का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद ही पति ने थार गाड़ी की मांग शुरू कर दी। वह उस पर गाड़ी खरीदकर देने का दबाव बनाता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बाद में पति ने बाइक की मांग को लेकर भी झगड़ा करना शुरू कर दिया।

पड़ोसियों के घर पहुंचने पर भी नहीं रुका पति
पीड़िता के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर वह पड़ोसियों के घर चली गई थी। आरोप है कि पति वहां भी पहुंच गया और उसके बाल पकड़कर सड़क पर खींच लाया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।
मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









