“लखनऊ के पारा इलाके में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती से ऑटो चालक ने रेप की कोशिश की। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता सुरक्षित परीक्षा देने पहुंची।“
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही एक युवती से ऑटो चालक द्वारा कथित रूप से रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
ऑटो चालक ने झांसा देकर बदला रास्ता
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से लखीमपुर खीरी की रहने वाली दो युवतियां पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए लखनऊ आई थीं और मड़ियांव क्षेत्र में रिश्तेदार के यहां रुकी हुई थीं। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे दोनों रायबरेली परीक्षा केंद्र के लिए निकलीं।
पहले दोनों चारबाग पहुंचीं और वहां से आलमबाग बस अड्डे के लिए ऑटो लिया। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने यह कहकर रास्ता बदल दिया कि आगे सड़क निर्माण चल रहा है और मार्ग बंद है। इसके बाद वह ऑटो को मवैया और फिर पारा क्षेत्र की ओर ले गया।
सुनसान इलाके में की छेड़छाड़, युवती ने किया विरोध
आरोप है कि ऑटो चालक युवतियों को रामलीला मैदान के पास एक सुनसान इलाके में ले गया और वहां एक युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए रेप का प्रयास किया। इस दौरान दोनों युवतियां घबरा गईं, लेकिन पीड़िता ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और आरोपी की उंगली को दांतों से काट लिया।
विरोध और शोरगुल के बाद आरोपी मौके से ऑटो लेकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने राहगीर की मदद से पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की घेराबंदी, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान हरदोई निवासी हसीब के रूप में हुई है, जो पारा इलाके में किराए पर रह रहा था। बताया गया कि घटना में इस्तेमाल ऑटो उसका नहीं था, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का था।
पुलिस ने तलाश के दौरान मुन्नू खेड़ा पुलिया के पास घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
परीक्षा दिलाकर लौटाई गईं युवतियां
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि उनका परीक्षा प्रभावित न हो। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों को वापस लखनऊ लाया गया।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रेप के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








