
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। उनकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। वहीं, समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुटी रही।
दरअसल, आजम खां को शनिवार को रामपुर जेल से रिहाई मिलने के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया था। यह गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है।
ईडी की टीम ने आजम खां को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया और मामले में पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी रिमांड मांगी। एजेंसी उनसे ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से जुड़े वित्तीय लेनदेन सहित अन्य पहलुओं पर पूछताछ करना चाहती है।
हालांकि, अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। आजम खां की पेशी और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।






