‘वोट चोरी हुई, संविधान से खिलवाड़ हुआ’, रामलीला मैदान से राहुल गांधी ने भरी हुंकार

नई दिल्ली : दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए।

राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची से करीब 13.5 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि हर सात में से एक मतदाता का नाम सूची से काटा गया है। राहुल के मुताबिक, देश के करीब 15 फीसदी मतदाताओं के नाम हटाए जाने का दावा सामने आया है, जबकि 2024 के चुनाव में NDA और विपक्ष के बीच जीत का अंतर महज 3 फीसदी था।

राहुल गांधी ने इन आंकड़ों के आधार पर 2024 के चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम और मतदाता सूची के जरिए वोटों में हेरफेर की गई। उन्होंने कहा कि युवाओं के नाम भी मतदाता सूची से हटाए गए हैं और यह कोई सामान्य मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।

‘संविधान सबसे बड़ा, कोई भी उससे ऊपर नहीं’

रैली में राहुल गांधी ने कहा कि देश का संविधान सबसे बड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कोई भी व्यक्ति संविधान से बड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि देश को कुछ लोगों के हाथों में नहीं सौंपा जा सकता।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी कही। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राहुल ने कहा कि जब तक वोट चोरी और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा, तब तक विपक्ष की लड़ाई जारी रहेगी।

उन्होंने रैली में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि यहां जुटे लोग किसानों, युवाओं और मजदूरों की आवाज बनकर आए हैं। उन्होंने कहा कि देश का संविधान किसी भी सरकार और नेता से बड़ा है और इसे कमजोर करने की कोशिशों का विरोध किया जाएगा।

फारूक अब्दुल्ला ने भी बीजेपी पर साधा निशाना

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने अपने संबोधन में मुसलमानों को पाकिस्तानी कहे जाने के मुद्दे पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को बार-बार देश की नागरिकता पर सवालों का सामना करना पड़ता है। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उनका देश भारत है और वे इसी देश में रहेंगे। उन्होंने लोगों से बीजेपी और आरएसएस से नहीं डरने की अपील करते हुए कहा कि सत्ता हमेशा किसी एक के पास नहीं रहती।

ममता बनर्जी बोलीं- हम हारे नहीं, हमें हराया गया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी रैली में बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी को चुनाव में हराया गया और ईवीएम, वोट तथा संविधान के साथ खिलवाड़ किया गया।

ममता बनर्जी ने कहा कि वे इस लड़ाई को छोड़ने वाली नहीं हैं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतगणना में कथित हस्तक्षेप का आरोप लगाया।

INDIA ब्लॉक की महारैली में विपक्षी नेताओं ने एकजुट होकर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा उठाया। नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प जताया।

Back to top button