
गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में सोमवार रात होटल की लीज को लेकर हुआ विवाद पांच लोगों की मौत की वजह बन गया। शहर के ‘होटल बिलास इन’ में हुई गोलीबारी में होटल मालिक समेत परिवार के चार लोगों और होटल के केयरटेकर की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
होटल की लीज को लेकर हुआ विवाद
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, आरोपी घनकांत गोगोई ने करीब एक साल पहले होटल लीज पर लिया था। जांच में सामने आया है कि लीज को लेकर होटल मालिक और उसके परिवार के साथ उसका विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे जीएस रोड पर बोरा सर्विस के सामने स्थित होटल बिलास इन में गोलीबारी हुई। यह होटल असम पुलिस मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर है।

घटना के एक घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के करीब एक घंटे के भीतर आरोपी घनकांत गोगोई को पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की गई है।
पुलिस को आशंका है कि वारदात में इसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।







