Amul Price Hike: दिवाली से पहले अमूल ने बढ़ाए घी और मक्खन के दाम, जानें अब कितनी होगी नई कीमत

Amul Price Hike: दिवाली से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने 1 किलो घी के कार्टन पर 50 रुपये और 500 ग्राम मक्खन के पैक पर 15 रुपये बढ़ा दिए हैं। कीमतों में इस बदलाव का असर त्योहारों के दौरान खरीदारी करने वाले ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है।

1 किलो घी के पैक पर 50 रुपये की बढ़ोतरी

अमूल ने 1 किलो घी के कार्टन की कीमत 630 रुपये से बढ़ाकर 680 रुपये कर दी है। वहीं, 500 ग्राम शुद्ध घी के पाउच की कीमत 325 रुपये से बढ़कर 345 रुपये हो गई है।

मक्खन की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। अब 100 ग्राम मक्खन का पैक 63 रुपये के बजाय 66 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 ग्राम मक्खन की कीमत 310 रुपये से बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है।

मिलावटी घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद बढ़ी मांग

बताया जा रहा है कि गुजरात और पड़ोसी राज्य राजस्थान में मिलावटी उत्पादों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ी है। कई बाजारों में अमूल के गाय के घी की मांग में तेजी आने और इसकी उपलब्धता प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है।

ऐसे समय में कंपनी की ओर से कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में कटौती के बाद ग्राहकों को मिली राहत भी काफी हद तक कम हो गई है।

अलग-अलग घी की कीमतें भी जान लीजिए

अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग किस्म के घी की कीमतें भी अलग-अलग दर्ज हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, गाय के दूध का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये, शुद्ध घी 700 रुपये और भैंस के दूध का घी 720 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर सूचीबद्ध है।

जीएसटी में कटौती के बाद घटे थे दाम

सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में कटौती के बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी उत्पादों की कीमतों में कमी की थी। उस समय 1 लीटर घी के कार्टन की कीमत 650 रुपये से घटाकर 610 रुपये कर दी गई थी।

इसी तरह 5 लीटर घी के टिन की कीमत 3,275 रुपये से घटाकर 3,075 रुपये कर दी गई थी। मक्खन के 100 ग्राम पैक की कीमत 62 रुपये से घटकर 58 रुपये और 500 ग्राम पैक की कीमत 305 रुपये से घटकर 285 रुपये हो गई थी।

अब एक बार फिर घी और मक्खन के दाम बढ़ने से ग्राहकों को त्योहारों के मौसम में ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।

Back to top button