बेटी की शादी के दिन पिता की मौत, छिपाई गई खबर

राजस्थान के उदयपुर से एक बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बेटी की शादी की खुशियों के बीच अचानक ऐसा हादसा हुआ कि पूरा परिवार सदमे में आ गया। जिस पिता ने बेटी की शादी के लिए कई सपने संजोए थे, उसी दिन उनकी अचानक मौत हो गई। परिवार ने शादी की रस्में पूरी होने तक दुल्हन को इस दुखद खबर से अनजान रखा।

बिंदोली के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

यह घटना उदयपुर के ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार (भूधर) गांव की है। यहां रहने वाले 51 वर्षीय शंकरलाल मेघवाल अपनी बड़ी बेटी प्रियंका की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे। वह अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करते थे।

20 नवंबर को बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं। शंकरलाल ने पूरे उत्साह के साथ बिंदोली में हिस्सा लिया और जमकर डांस भी किया। घर में शादी का माहौल था और सभी लोग खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान बिंदोली खत्म होने के करीब एक घंटे बाद अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन आनन-फानन में उन्हें ऋषभदेव अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दुल्हन से छिपाई पिता की मौत की खबर

घर में शादी की रस्में पूरी होनी बाकी थीं। ऐसे मुश्किल समय में परिवार के सदस्यों ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने वर पक्ष के करीबी लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी और आपसी सहमति से शादी की रस्में सादगी के साथ पूरी करवाईं।

वहीं, दुल्हन प्रियंका और उसकी मां को पिता की मौत की जानकारी नहीं दी गई। उन्हें बताया गया कि शंकरलाल की तबीयत गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती हैं। परिवार को डर था कि यह खबर सुनकर मां-बेटी सदमे में आ सकती हैं और शादी की रस्में पूरी करना मुश्किल हो जाएगा।

शादी के फेरे पूरे होने के बाद 21 नवंबर को शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया गया। जिस घर में बेटी की विदाई की तैयारी थी, वहां एक तरफ शादी की रस्में पूरी हुईं तो दूसरी तरफ परिवार को अपने मुखिया को खोने का गहरा दुख झेलना पड़ा। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Back to top button