
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : ब्लॉक हरपालपुर के गांव खद्दीपुर राजा साहब के मजरा गढिया अन्तूपुरवा में लोक निर्माण विभाग द्वारा लघु सेतु के निर्माण हेतु 3 करोड़ 30 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। शासन द्वारा धनराशि जारी होने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पुल का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप कराया जाएगा ताकि भविष्य में भारी वाहनों के आवागमन और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में भी संरचना सुरक्षित रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुल न होने से विशेषकर बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता था, जो अब इस सौगात के साथ समाप्त हो जाएगी। इस पुल के बन जाने से न केवल क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा, बल्कि बाढ़ के समय आधा दर्जन गांवों का संपर्क मार्ग बंद होने की गंभीर समस्या से भी निजात मिलेगी। पुल की स्वीकृति मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता वरिष्ठ पत्रहार महेश मिश्रा, पूर्व प्रधान सतीश अवस्थी व अन्य क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ के प्रति आभार जताया है।








