
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क अज़ान खीरी : तहसील गोला के थाना मैलानी क्षेत्र अंतर्गत खुटार रोड पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मैलानी क्षेत्र के ग्राम जवाहरपुर निवासी नगीना (35) पुत्र प्यारे लाल अपने साथी रवि कुमार (40) निवासी ग्राम फुलहिया के साथ बाइक से गोला से दवा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खुटार की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मैलानी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोला भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने नगीना को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रवि कुमार का उपचार जारी है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक नगीना अपने पीछे दो मासूम बेटे-नितेश (8) और हिमांशु (6) – को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार चालक की तलाश जारी है।








