“दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लखनऊ से अयोध्या रवाना हुए। उन्होंने राम मंदिर से चढ़ावा, पादुका और बहुमूल्य गहनों की कथित चोरी पर दुख जताते हुए कहा कि राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। शुक्रवार को वह रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे।“
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को लखनऊ पहुंचने के बाद अयोध्या के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार को उनका रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके साथ ही वह अयोध्या के संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे।
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर से चढ़ावा और बहुमूल्य वस्तुओं की कथित चोरी की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से राम मंदिर से चढ़ावे और सोना-चांदी चोरी होने की खबरें सुनकर उनका मन बेहद दुखी और व्यथित है।
उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने और वहां के संत-महात्माओं से मुलाकात करने का निर्णय लिया है।
केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम की पादुकाएं, हार, दीपक, गहने, हीरे-जवाहरात और भक्तों द्वारा चढ़ाया गया चढ़ावा चोरी होने की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के संत और महंत भी इस पूरे घटनाक्रम से दुखी हैं। वह अयोध्या पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे और उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास करेंगे।
इससे पहले दोपहर करीब 2:40 बजे अरविंद केजरीवाल लखनऊ पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका स्वागत किया। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बताया कि केजरीवाल प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेने और संत समाज से संवाद करने अयोध्या जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले अयोध्या का यह दौरा राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








