बुजुर्गों के महत्व के प्रति किया गया जागरूक

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : वृद्धाश्रम, ओसा में आज निबंध एवं संवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की “अटल वयो अभ्युदय योजना” के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के निर्देशन में संस्था ‘निर्मल तमसा सेवा समिति’ द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को परिवार एवं समाज में बुजुर्गों की भूमिका, उनके अनुभव और मार्गदर्शन के महत्व के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के प्रति अपने विचार व्यक्त किए और उनके सम्मान की आवश्यकता को रेखांकित किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम प्रबंधक आलोक राय ने कहा कि हमें अपने बड़े-बुजुर्गों का सदैव आदर और सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा बुजुर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा सकता है।

कार्यक्रम में एडवोकेट प्रिया सिंह, आरती, अंकिता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को संस्था की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह आयोजन विद्यार्थियों में संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button