राष्ट्रपति भवन में भावुक क्षण, पद्मश्री लेने से पहले जमीन पर लेटकर पीएम मोदी को किया प्रणाम

पुडुचेरी के मशहूर सिलंबम कोच के पजानिवेल ने तमिलनाडु की इस प्राचीन कला को अपने जीवन का मिशन बना लिया था.

राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में पुडुचेरी के सिलंबम कोच के पजानिवेल ने पद्मश्री लेने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साष्टांग प्रणाम किया। समारोह का यह भावुक क्षण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस दौरान एक भावुक और अनोखा दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

दरअसल, पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम गुरु के. पजानिवेल को पद्म श्री सम्मान देने के लिए जैसे ही मंच पर बुलाया गया, उन्होंने पुरस्कार ग्रहण करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जमीन पर लेटकर साष्टांग प्रणाम किया। यह दृश्य देखते ही समारोह में मौजूद लोग कुछ क्षण के लिए चौंक गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके अभिवादन का जवाब मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर दिया। समारोह का यह पल सोशल मीडिया और सार्वजनिक चर्चाओं में तेजी से वायरल हो गया।

सिलंबम कला को जीवन का मिशन बना चुके हैं पजानिवेल

के. पजानिवेल पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम प्रशिक्षक हैं। सिलंबम तमिलनाडु की प्राचीन युद्धकला है, जिसमें बांस की लाठी का उपयोग किया जाता है। पजानिवेल ने इस पारंपरिक मार्शल आर्ट को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने को अपना जीवन समर्पित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक वह अब तक पांच हजार से अधिक छात्रों को सिलंबम का प्रशिक्षण दे चुके हैं। उनके योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें पद्म श्री सम्मान के लिए चुना।

राष्ट्रपति भवन में 66 हस्तियों को मिला सम्मान

राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में कला, साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान, खेल और सामाजिक सेवा समेत कई क्षेत्रों की हस्तियों को सम्मानित किया गया। पहले चरण में 66 लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस वर्ष कुल 131 हस्तियों को पद्म सम्मान दिए जाने हैं, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।

धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण

समारोह में वेटरन अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा एन. राजम को भी पद्म विभूषण प्रदान किया गया।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, उद्योगपति उदय कोटक और विज्ञापन जगत की चर्चित हस्ती स्वर्गीय पीयूष पांडे समेत कई लोगों को पद्म भूषण सम्मान दिया गया।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button